चुनार की डॉ. वंदना बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर, बीपीएससी में चयन से बढ़ाया क्षेत्र का मान

WhatsApp Channel Join Now
चुनार की डॉ. वंदना बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर, बीपीएससी में चयन से बढ़ाया क्षेत्र का मान


- बीएचयू से परास्नातक, काशी विद्यापीठ से पीएचडी, सफलता पर बधाइयों का तांता

मीरजापुर, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में चुनार क्षेत्र की बेटी और बहू डॉ. वंदना मौर्या ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

मूल रूप से चुनार के चेरा का पूरा निवासी मुकुंद लाल मौर्य की बहू तथा अमन कुशवाहा की पत्नी डॉ. वंदना की सफलता को क्षेत्र के लोग प्रेरणादायी उपलब्धि मान रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक उच्च शिक्षा गंगापुर महाविद्यालय से बीए, परास्नातक की पढ़ाई काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से तथा पीएचडी महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से पूरी की। कठिन परिश्रम और लगन के बल पर उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल की। उनका साक्षात्कार 24 जुलाई को हुआ था, जबकि 2 अगस्त को घोषित परिणाम में उनका चयन असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर हुआ।

चयन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी। क्षेत्रीय विधायक अनुराग सिंह ने रविवार को कहा कि डॉ. वंदना की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत और संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कुशवाहा महासभा के अध्यक्ष दीपक कुशवाहा (आर्मी) सहित परिजनों और शुभचिंतकों ने डॉ. वंदना को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story