सीवर में मृत्यु सभ्य समाज पर बदनुमा दाग : डॉ लालजी प्रसाद निर्मल

WhatsApp Channel Join Now
सीवर में मृत्यु सभ्य समाज पर बदनुमा दाग : डॉ लालजी प्रसाद निर्मल


लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य और विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन एवं जांच समिति के सभापति डॉ लालजी प्रसाद निर्मल ने रविवार की दोपहर राजधानी लखनऊ के ग्रामीण इलाके नबीपनाह माल पहुंचे। उन्होंने यहां उन दो पीड़ित परिवार के दुःखी परिजनों से मुलाकात की, जिनके दो लोग सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दम घुटने से आठ मई को मौत हो गयी थी। इस दौरान क्षेत्रीय लेखपाल, एसडीएम, एएसपी आदि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

डॉ निर्मल ने दोनों मृतक युवकों राजेश रावत और रिंकू गौतम की विधवाओं और माताओं से बातचीत की। उन्होंने दुःख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना दी।

मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन के अफसरों से डॉ लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि सीवर में मृत्यु राज्य आपदा घोषित है, जिसके तहत मृतक आश्रित को चार लाख रुपये तथा हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुआवजा के रूप में 30 लाख रुपये दिए जाते हैं।

उन्होंने निर्देशित किया कि नियमों के तहत अनुमन्य मुआवजा पीड़ितों को यथा शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें मिले। अफसरों ने उन्हें आश्वस्त किया कि पूरे प्रकरण का परीक्षण करवाने के बाद दोनों पीड़ित परिवारों की अनुमन्य मदद की जाएगी।

इस अवसर पर समाजसेवी अमरनाथ प्रजापति, संतोष वाल्मीकि, आई.डी. यादव, विरेन्द्र विक्रम सुमन, पी.एल. भारती और रामचंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story