अस्पताल में भर्ती मरीजों से मधुर व्यवहार करें चिकित्सक: मंडलायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल में भर्ती मरीजों से मधुर व्यवहार करें चिकित्सक: मंडलायुक्त


- निरीक्षण में मिली कमियों को शीघ्र दूर करने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)।मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने मंगलवार को मां विंध्यवासिनी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध मंडलीय जिला चिकित्सालय और जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी, एसएनसीयू, आब्स एंड गायनी सहित विभिन्न विभागों का जायजा लेकर कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

इमरजेंसी विभाग में भर्ती चुनार निवासी कामता प्रसाद से मंडलायुक्त ने बीमारी और इलाज की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित ईएमओ को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। अन्य भर्ती मरीजों से भी उपचार के बारे में पूछा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अस्पताल में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के बाद अस्पताल सभागार में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त ने विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों के साथ मधुर व्यवहार करने तथा उन्हें सहानुभूति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और कर्मचारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें। मरीजों को इलाज के दौरान होने वाली असुविधाओं को प्राथमिकता से लेते हुए तत्काल दूर किया जाए।

बैठक में मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की संख्या कम करने पर भी जोर दिया गया। प्राचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सक और चिकित्सा शिक्षक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story