अस्पताल लाई गई युवती को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, गले पर मिले निशान

WhatsApp Channel Join Now
अस्पताल लाई गई युवती को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, गले पर मिले निशान


मीरजापुर, 02 जून (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में मंगलवार दोपहर अचेतावस्था में लाई गई एक युवती को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। चिकित्सकों ने गले पर निशान मिलने के आधार पर प्रथम दृष्टया फांसी या गला कसने से मौत की आशंका जताई है।

सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र स्थित जड़ेरुआ गांव निवासी गुंजा (21) को उसके परिजन अचेत अवस्था में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवती की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बताया गया कि युवती को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को लेकर अस्पताल से चले गए। इससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

सीएचसी राजगढ़ के चिकित्सक डॉ. संतलाल ने बताया कि युवती को ओपीडी में अचेत अवस्था में लाया गया था। जांच के दौरान उसके गले पर रस्सी जैसे निशान दिखाई दिए। प्रथम दृष्टया गला कसने या फांसी लगाने से मौत होने की आशंका प्रतीत होती है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story