एफआईआर के विराेध में बागपत के चिकित्सकों और फार्मासिस्टों ने किया दो घंटे कार्य बहिष्कार

WhatsApp Channel Join Now
एफआईआर के विराेध में बागपत के चिकित्सकों और फार्मासिस्टों ने किया दो घंटे कार्य बहिष्कार


बागपत, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में जिला अस्पताल के सीएमएस, चिकित्सक और फार्मासिस्ट के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को निरस्त कराने की मांग को लेकर जिलेभर के चिकित्सकों और फार्मासिस्टों ने मंगलवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध जताया। चेतावनी दी है कि अगर एफआईआर वापस नही ली गयी तो पूर्ण कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा।

बागपत में मंगलवार को चिकित्सकों और फार्मासिस्टों ने जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्य बहिष्कार के चलते मरीजों को उपचार के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की मांग है कि जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनुराग वार्ष्णेय, चिकित्सक डॉ. विक्रांत चौबे और फार्मासिस्ट के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को तत्काल निरस्त किया जाए।

डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ओमवीर मलिक ने जिला अस्पताल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन को और मजबूत करते हुए चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो 21 और 22 अक्टूबर को भी दो घंटे का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। इसके बाद 23 अक्टूबर से जिलेभर के सभी सीएचसी और पीएचसी पर पूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। किसी के दबाव में आकर एफआईआर करना गलत है। पुलिस ने बिना किसी जांच के कुछ लोगों के दबाव में आकर यह कदम उठाया है जो बर्दास्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764025 Articles

Share this story