समाधान दिवस में डीएम-एसपी सख्त : शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
समाधान दिवस में डीएम-एसपी सख्त : शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश


मीरजापुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने शनिवार को चुनार तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में जमीन विवाद, पैमाइश, राशन कार्ड, पेयजल व चकबंदी से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। डीएम ने निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित करें। तहसील चुनार में कुल 93 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को भेजा गया। तहसील सदर में 103 में से 15, लालगंज में 62 में से 3 तथा मड़िहान में 73 में से 5 मामलों का निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जमीनी विवादों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इस दौरान एसडीएम चुनार राजेश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story