मीरजापुर: जिलाधिकारी-एसपी ने गुरु पूर्णिमा की तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: जिलाधिकारी-एसपी ने गुरु पूर्णिमा की तैयारियों का लिया जायजा


- परमहंस आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से लिया आशीर्वाद

मीरजापुर, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने आश्रम का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने आश्रम परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही के मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

दोनों अधिकारियों ने आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी लिया। करीब 10 मिनट तक चली वार्ता में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने पुलिस विभाग की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग बहुत बढ़िया कार्य कर रहा है। सभी लोग 'ॐ' का जप करें और समाज में शांति एवं सद्भाव बनाए रखें।

निरीक्षण के समय पुलिस क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव, चुनार कोतवाली प्रभारी विजय शंकर सिंह पटेल, सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी राजेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राकेश कुमार, वन क्षेत्राधिकारी आनंद शेखर, अर्जुन राय, वन दरोगा दीपक सहित पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story