डीएम-एसपी ने जिला और केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
डीएम-एसपी ने जिला और केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया


फर्रुखाबाद,29 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनपद फतेहगढ़ स्थित जिला कारागार और केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियाें ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सबसे पहले बंदियों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की गहन जांच की। उन्होंने रसोईघर में जाकर भोजन बनाने की प्रक्रिया को देखा तथा भोजन की स्वच्छता और मानकों के अनुरूप गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली।

इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए जेल अस्पताल का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी बंदी को इलाज के अभाव में परेशानी न हो और सभी को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिले।

जेल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, बैरकों की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने साफ-सफाई को लेकर कड़े निर्देश दिए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप जेलों में पारदर्शी और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण से जेल प्रशासन में हलचल रही और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला जेल अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं केंद्रीय जेल अधीक्षक आशीष तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story