डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण


बाराबंकी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से गुरुवार को जिला कारागार, बाराबंकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियाें ने कारागार के मुख्य द्वार से लेकर कारागार के भीतरी परिसर तक की हाई सिक्योरिटी बैरक, साफ-सफाई, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अधिकारियाें ने कारागार के कंट्रोल रूम से संचालित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया और निर्देश दिए कि कारागार की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू एवं क्रियाशील रहें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी को तत्काल दूर किया जाए। निरीक्षण के दौरान महिला बैरक, पुरुष बैरक, गौशाला एवं कारागार अस्पताल का भी निरीक्षण किया। बैरकों में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, प्रकाश, शौचालय, स्वच्छता, भोजन एवं पेयजल आदि व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएँ भी सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक, जेलर सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story