आईजीआरएस शिकायतों पर जिलाधिकारी ने किया मौके पर निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
आईजीआरएस शिकायतों पर जिलाधिकारी ने किया मौके पर निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


आईजीआरएस शिकायतों पर जिलाधिकारी ने किया मौके पर निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को भाटपाररानी तहसील क्षेत्र में आईजीआरएस पर प्राप्त दो शिकायतों की मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तथ्यों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पहला मामला भाटपाररानी नगर निवासी योगेंद्र राय की शिकायत से संबंधित था। शिकायत में दर्ज पोखर एवं तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया था। मौके पर जांच के दौरान पता चला कि यह मामला उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा-67 के अंतर्गत न्यायालय में विचाराधीन है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुकदमे का शीघ्र निस्तारण कर न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दूसरा प्रकरण बहियारी बघेल गांव की निवासी शांति देवी की शिकायत से संबंधित था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि धारा-116 के तहत पारित आदेश के अनुपालन में प्रतिपक्षी बाधा उत्पन्न कर रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और अधिकारियों को आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादी शांति देवी को आश्वस्त किया कि यदि आदेश के पालन में कोई अवरोध उत्पन्न किया जाता है तो प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर कड़ी कार्रवाई करेगा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी भाटपाररानी, तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story