गौवंश संरक्षण में लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्यवाही - डीएम गजल भारद्वाज

WhatsApp Channel Join Now
गौवंश संरक्षण में लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्यवाही - डीएम गजल भारद्वाज


महोबा, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड के महोबा जनपद में जिला स्तरीय गोवंश संरक्षण, अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने सोमवार को वर्षा ऋतु से गौवंशों के बचाव, भूसा संग्रहण समेत पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौवंश संरक्षण में के कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने पर संबंधितों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने जिला स्तरीय गोवंश संरक्षण, अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक में गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण एवं भुगतान की स्थिति और मुख्यमंत्री सहभागिता योजना अंतर्गत गोवंश के रख-रखाव की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने गौवंश के लिए भूसा संग्रहण एवं हरे चारे की उपलब्धता, गौ आश्रय स्थलों में पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही डीएम ने कम संख्या वाले गो-आश्रय स्थलों के गोवंशों के समुचित पुनर्स्थापन की कार्यवाही करने और गौ आश्रय स्थलों में जहां शेड, पानी की चरही, भूसा गोदाम नहीं हैं, वहां निर्माण करवाने के लिए खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों पर मानक के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल, छाया एवं चारे की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। साथ ही, भरण-पोषण से संबंधित भुगतान समयबद्ध रूप से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। छोटे गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गौवंशों को आवश्यकतानुसार बड़े गौ संरक्षण केंद्रों में स्थानांतरित कर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने को निर्देशित किया है। इसके साथ ही कहा कि गौ वंश संरक्षण कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीडीओ बलराम कुमार समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story