डीएम ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, कहा- स्वच्छता जीवन का अमूल्य उपहार
फिरोजाबाद, 12 सितंबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के विजन को साकार करने की दिशा में फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विशेष स्वच्छता अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने समस्त अपर जिलाधिकारियो और कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों के साथ मिलकर श्रमदान किया।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस पहल के माध्यम से समस्त जनपद वासियों को संदेश दिया कि अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना अत्यंत आवश्यक है, उन्होंने कहा कि स्वच्छता जीवन का अमूल उपहार है, स्वच्छता न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर रखती है, बल्कि मानसिक और आत्मिक शुद्धि भी प्रदान करती है, इस स्वच्छ और शुद्ध वातावरण में कार्य करने से मन में ऊर्जा बनी रहती है, जिससे कर्मचारी व अधिकारी पूरी निष्ठा व लगन और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने जापान जैसे विकसित देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां स्वच्छता के उच्च मानको का श्रेय हर नागरिक की व्यक्तिगत सहभागिता को जाता है, वहां का प्रत्येक नागरिक कहीं भी गंदगी देखकर उसे अपनी जिम्मेदारी मानकर साफ करता है, ठीक इसी प्रकार यदि हमारे जनपद का हर नागरिक स्वच्छता में अपनी सहभागिता दिखाए, तो यह अभियान एक जन- आंदोलन का रूप लेगा, जिससे हमारा जनपद, प्रदेश और पूरा देश स्वच्छता के शीर्ष पायदान पर आसीन हो सकेगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद कुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, उप जिलाधिकारी धर्मवीर भारती आदि संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

