ई- रिक्शा पलटा,गर्म खीर से 5 बच्चों सहित 10 लाेग झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
ई- रिक्शा पलटा,गर्म खीर से 5 बच्चों सहित 10 लाेग झुलसे


फिरोजाबाद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में शनिवार को मंदिर में खीर चढ़ाने जा रहे ग्रामीणों का ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में गर्म खीर सवारियों के ऊपर गिरने से 10 लोग झुलस गए। सभी को सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

बसई मोहम्मदपुर निवासी निरोत्तम सिंह शनिवार को गांव के पास स्थित माता मंदिर में खीर चढ़ाने के लिए जा रहे थे। परिवार और गांव के लोग ई रिक्शा में सवार होकर निकले थे। ई-रिक्शा में ही गर्म खीर रखी हुई थी। रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण ई-रिक्शा पलट गया। ई-रिक्शा पलटते ही उसमें रखा गर्म खीर का बड़ा भगोना यात्रियों पर आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और तत्काल घायलों को सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में सोनम, नितिन, विमलेश, कुसुम, प्रीति, निशा, रागिनी, ऋतिक, वंदना और महेंद्र सहित करीब 10 लोग झुलसे हैं, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की स्थितियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों, विशेषकर बच्चों का पूरी तन्मयता के साथ उचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी घायलों की स्थिति पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिल सके। घायलों की हर संभव मदद की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story