जिलाधिकारी ने किया प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण
फिरोजाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ बुधवार को टूण्डला कस्बे के लिए प्रस्तावित 7.80 किलोमीटर लम्बे बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। यह बाईपास क्षेत्रीय विकास और यातायात सुगमीकरण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 19) के टोल प्लाजा से शुरू होगा तथा टूण्डला-एटा राजमार्ग निहाल सिंह की पुलिया से होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के किलोमीटर 220 पर एफ.एच. मेडिकल कॉलेज के समीप जाकर मिलेगा। इस मार्ग के बनने से टूण्डला शहर के भीतर, विशेषकर उपरगामी सेतु के नीचे सुभाष चौराहे पर लगने वाले भारी जाम से जनता को स्थायी राहत मिलेेगी। साथ ही साथ फिरोजाबाद से एटा और आगरा से एटा के बीच चलने वाले वाहनों को एक भीड़भाड़ रहित और वैकल्पिक सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। मार्ग के चौड़ीकरण और शुद्धि सुदृढीकरण से औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को परियोजना की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी टूण्डला अंकित वर्मा और अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आदि उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

