जिलाधिकारी ने बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत गौशाला का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत गौशाला का किया निरीक्षण


फिरोजाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ मंगलवार को विकासखंड अरांव स्थित 600 गौवंशों की क्षमता वाले वृहद गौ संरक्षण केंद्र ग्राम कारीखेड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने गौवंशों के रखरखाव, हरा चारा, भूसा एवं पेयजल की व्यवस्थाओं को बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई और गौवंशों के स्वास्थ्य के विषय में भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने केंद्र में मौजूद गौवंशों की संख्या का भौतिक सत्यापन किया, साथ ही बढ़ती गर्मी के दृष्टिगत गौवंशों के लिए पेयजल की व्यवस्था को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता में कोई लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने यहां स्थापित गोबर गैस प्लांट का भी निरीक्षण किया, जिससे अपशिष्ट प्रबंधन और ऊर्जा उत्पादन की स्थिति को समझा जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि यहां पर वर्तमान में 50 नर गौवंश और 50 बच्चे हैं। इसके साथ ही 8 से 10 गौवंश दुधारू स्थिति में हैं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आत्म्यता दिखाते हुए बछिया को माला पहनाई और गुड़ खिलाया। जिलाधिकारी को जानकारी दी गई की गौवंशों को विचरण करने के लिए सप्ताह में एक बार खुला छोड़ा जाता है। इस पर जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए निर्देश दिए कि गौवंशों की बेहतर स्वास्थ्य और सुगमता के लिए उन्हें सप्ताह में केवल एक दिन न छोड़कर प्रत्येक 3 दिन के अंतराल पर बाहर छोड़ने की बात कही।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि वृहद गौशाला कारीखेड़ा की व्यवस्थाओं को और अधिक उन्नत और आधुनिक बनाया जाए, जिससे यह मॉडल गौवंश केंद्र के रूप में स्थापित हो सके।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story