जिलाधिकारी ने गौशाला के निरीक्षण में कमी मिलने पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने गौशाला के निरीक्षण में कमी मिलने पर जताई नाराजगी


फिरोजाबाद, 07 मई (हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार काे विकासखंड टूंडला स्थित वृहद गौशाला मदावली का औचक निरीक्षण। इस दौरान गौशाला में अभिलेखों के रखरखाव में कमियां पाए जाने पर उन्होंने गौशाला का संचालन कर रहे एवरग्रीन फाउंडेशन के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया। इस गौशाला में कुल 478 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 154 नर और 324 मादा है।

जिलाधिकारी ने मदावली गौशाला को ग्रीन गौशाला के रूप में विकसित करने का विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि गौशाला को आधुनिक बनाने के लिए एस.एफ.सी. फंड का उपयोग किया जाए, कंट्रोल रूम में बड़ी स्क्रीन लगाई जाए, ताकि सभी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गौवंशों की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। आपद स्थिति से निपटने हेतु इंवर्टर लगाया जाए। साथ ही खण्ड विकास अधिकारी यहां पर गौबर गैस प्लांट लगवाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए की कोई भी निराश्रित गौवंश सड़कों पर नहीं दिखना चाहिए, उन्हें तत्काल गौशालाओं में संरक्षित किया जाए, निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने विधि-विधान से गौ पूजन किया और गोवंशों को गुड़ खिलाकर सेवा का संदेश दिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी विशु राजा, उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा, परियोजना निदेशक सुभाष चन्द्र त्रिपाठी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आदि उपस्थित रहें।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story