जिलाधिकारी ने किया भूसा गाड़ियों को गौशाला रवाना, दानदाताओं से मिला था 6 हजार कुंतल भूसा

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने किया भूसा गाड़ियों को गौशाला रवाना, दानदाताओं से मिला था 6 हजार कुंतल भूसा


फिरोजाबाद, 29 अप्रैल (हि.स.)। गोवंशों के बेहतर भरण-पोषण और गौशालाओं में चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी रमेश रंजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में 6000 कुंतल भूसे से भरी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रगतिशील किसानों और प्रबुद्ध जनों से भूसादान करने हेतु विशेष अनुरोध किया गया था, उन्होंने खुशी जाहिर की कि प्रगतिशील किसानों ने इस अपील को सहज स्वीकार किया। उनके अंशदान का परिणाम है कि आज इतनी बड़ी मात्रा में भूसा एकत्रित हो सका है, यह दान गौवंशों के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है।

अभियान के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए जिलाधिकारी ने जोर दिया कि प्रशासन का मुख्य लक्ष्य सुनिश्चित करना है कि जनपद की किसी गौशाला में गौवंशों को चारे की कमी न होने पाए। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के सामाजिक और प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा की, ताकि निराश्रित गोवंशों की उचित देखभाल की जा सके।

इस अवसर पर प्रमुख दानदाता किसान राजेश कुमार, सतेन्द्र पाल सिंह, अवधेश पाल सिंह, रामसनेही, डूमर सिंह,, चतुरी सिंह, जगतसेठ आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story