मंडलीय स्काउट गाइड प्रतियोगिता में 256 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
मीरजापुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के शिवलोक श्रीनेत महाविद्यालय परिसर में शनिवार को तीन दिवसीय 23वीं मंडलीय भारत स्काउट एवं गाइड प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर जेडी उदयभान यादव और महाविद्यालय की प्रबंधिका मधुलिका सिंह मौजूद रहीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों ने कलर पार्टी, मार्च पास्ट, पेट्रोल पायनियरिंग, कैंपक्राफ्ट, प्राथमिक चिकित्सा और शारीरिक प्रदर्शन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके प्रदर्शन को अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता में मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र के कुल 256 स्काउट एवं गाइड प्रतिभाग कर रहे हैं। तीनों जिलों के बेसिक, पब्लिक स्कूल और इंटर कॉलेजों के कुल 16 विद्यालयों के विद्यार्थी इसमें शामिल हैं। कार्यक्रम और रैली का संचालन डॉ. संतोष सिंह, डॉ. धर्मजीत सिंह, सुनील कुमार सिंह, सत्यनारायण, अमित कुमार प्रजापति, सुजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, अमरेश कुमार, सुशील कुमार और शिव बहादुर सिंह की देखरेख में किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

