दीवार गिरने से दादी-नाती की मौत

WhatsApp Channel Join Now
दीवार गिरने से दादी-नाती की मौत


फिरोजाबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को दादी के साथ गली में खेल रहे बालक के ऊपर पक्की दीवार भरभराकर गिरने से दादी-नाती की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

थाना जसराना क्षेत्र अन्तर्गत गांव नगला मधु निवासी सोनकली (56) पत्नी कालीचरण घर के बाहर गली में बैठी थी। इसी दौरान उनके भतीजे इंदल सिंह का बेटा कार्तिक (2) उनके पास आ गया। दादी अपने नाती के साथ खेल में व्यस्त थी। इसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। धमाके की आवाज से चीख पुकार मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आनन-फानन में लोगों ने मलबे में दबे मासूम एवं वृद्धा को बाहर निकाला। परिजन घायलावस्था में उपचार के लिए दोनों को जसराना अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दादी और नाती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।

इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी जसराना का कहना है दीवार गिरने से दादी और नाती की मौत हुई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story