देवरिया: जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों को बांटी पोषण की पोटली, अभिभावकों को किया जागरूक
देवरिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में शुक्रवार महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मेडिकल कॉलेज के एमसीएच विंग स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों से मुलाकात कर उन्हें पोषण की पोटली वितरित की और अभिभावकों से बच्चों के कुपोषित होने के कारणों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता और देखभाल के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार दिया जाए और उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खुले में शौच से बचने तथा घर और आसपास साफ-सफाई रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा दिए जा रहे सुझावों को बच्चों के पालन-पोषण में शामिल किया जाए।
डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों के गांवों में स्वच्छता, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी और बाल विकास परियोजना से जुड़े कर्मचारियों को बच्चों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में भर्ती करीब 10 बच्चों से मिलकर प्रत्येक बच्चे के कुपोषित होने के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में बच्चों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार खान-पान और उपचार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा, सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा, सीडीपीओ सरिता श्रीवास्तव समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

