गन्ना के बीज किस्म कोलक 14201 से स्वादिष्ट बनेगा गुड़, किसानों को होगा लाभ : डॉ. सुधीर शुक्ल

WhatsApp Channel Join Now
गन्ना के बीज किस्म कोलक 14201 से स्वादिष्ट बनेगा गुड़, किसानों को होगा लाभ : डॉ. सुधीर शुक्ल


-किसानों को उन्नत किस्म के गन्ना के बीज वितरित किए गए

कानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है और इसके लिए अनुसूचित जाति के किसानों को योजना के तहत चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अधीन दिलीप नगर कृषि विज्ञान केन्द्र के क्षेत्र में उन्नत किस्म का गन्ना बीज उपलब्ध कराया गया है। इसका उद्देश्य है कि कृषक बंधु नवीन किस्म के बीज का संवर्धन करें एवं उससे अन्य कृषकों को भी उपलब्ध करायें जिससे क्षेत्र के किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

यह बातें सोमवार को भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डाक्टर सुधीर शुक्ल ने कही। दिलीपनगर क्षेत्र में बाबा का कुआं स्थल पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में कीरतपुर एवं गौरी अभयपुर के किसान सम्मिलित हुए। किसानों के मध्य भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा संचालित अनुसूचित जाति उप परियोजना के अंतर्गत किसानों के मध्य गन्ना बीज किस्म कोलक 14201 का बीज वितरित किया गया। किसानों को गन्ना बीज की तैयारी, बीज शोधन एवं बुवाई के तरीके भी बताए गए। गोष्ठी में दिलीपनगर के प्रधान अनुराग अवस्थी एवं गौरी के प्रधान विजय तिवारी भी उपस्थित रहे। 14 किसानों को लगभग 8-8 क्विंटल गन्ने का बीज वितरित किया गया, जिससे किसान बीज का संवर्धन करके अगले वर्ष अन्य किसानों को भी गन्ने की नवीनतम किस्म का बीज उपलब्ध करा सकें।

गोष्ठी में कीरतपुर ग्राम पंचायत के गुरदीप, सुनीता, अजय कुमार, सावित्री, भगवानदास, शिवपाल, शिव सिंह, राजकुमार तथा आशा देवी ने बीज प्राप्त किया। गौरी अभयपुर के कान मटरू, रामकुमार, उमेश कुमार एवं पिंटू ने प्रधान के नेतृत्व में बीज प्राप्त किया।

डाक्टर सुधीर शुक्ल ने बताया यह किस्म (कोलक 14201) संस्थान के द्वारा विकसित शीघ्र पकने वाली किस्म है एवं यह गुड बनाने के लिए बहुत अच्छी है। अगर किसान भाई इस किस्म के गन्ने से गुड़ बनाते हैं, तो अच्छे परता के साथ उसका स्वाद एवं सुनहरा रंग होता है जिससे उनको अच्छा लाभ प्राप्त हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

Share this story