वाराणसी में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के बाद आपसी झीना झपटी में चली गोली, पुत्र घायल

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के बाद आपसी झीना झपटी में चली गोली, पुत्र घायल


वाराणसी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज-लहरतारा स्थित लोहित रेजिडेंसी न्यू कॉलोनी में शुक्रवार को पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के दौरान लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने से पुत्र घायल हो गया। गोली युवक के हाथ में लगी। घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, लोहित रेजिडेंसी न्यू कॉलोनी निवासी बिंदा कुमार सिंह और उनके पुत्र प्रवीण कुमार सिंह (32) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान प्रवीण ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर ले ली। रिवॉल्वर वापस लेने के प्रयास में पिता-पुत्र के बीच छीना-झपटी होने लगी। इसी दौरान लोडेड रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो प्रवीण के हाथ में लगी।

गोली चलने की आवाज से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल प्रवीण को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए।

सूचना मिलने पर भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने बिंदा कुमार सिंह से पूछताछ की है तथा लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

भेलूपुर पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में रिवॉल्वर को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुई छीना-झपटी के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम और गोली चलने की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story