कानपुर : डांडिया नाइट में अंजली अरोड़ा से विवाद, शिकायत लेकर थाने पहुंचे आयोजक

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर : डांडिया नाइट में अंजली अरोड़ा से विवाद, शिकायत लेकर थाने पहुंचे आयोजक


कानपुर : डांडिया नाइट में अंजली अरोड़ा से विवाद, शिकायत लेकर थाने पहुंचे आयोजक


कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में 15 अक्टूबर को आयोजित नगाड़ा डांडिया नाइट कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया हस्ती अंजली अरोड़ा के व्यवहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आयोजक आशीष गुप्ता ने आरोप लगाया कि अंजली कार्यक्रम में देरी से पहुंचीं और मंच पर महज 12 से 15 मिनट बिताने के बाद चली गईं। आयोजक का यह भी दावा है कि उन्होंने मंच से कानपुर को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिससे शहर का अपमान हुआ। इस मामले में आयोजक ने स्वरूप नगर थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है और अंजली को दी गई धनराशि वापस करने की मांग की है।

आशीष गुप्ता के मुताबिक, लाजपत भवन में आयोजित डांडिया नाइट के लिए अंजली अरोड़ा को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में पहुंचने के बाद उन्होंने एक-दो प्रस्तुतियां दीं। इसी दौरान डीजे पर उनका चर्चित गाना 'कच्चा बादाम' बजाया गया। आयोजक का आरोप है कि गाना शुरू होने के तीन से चार सेकेंड के भीतर ही उसे बंद कर दिया गया। इस बात से अंजली नाराज हो गईं और उन्होंने मंच पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

आयोजक का कहना है कि अंजली ने मंच से टिप्पणी की कि यदि इस तरह का व्यवहार किया जाएगा तो भविष्य में कोई सेलिब्रिटी कानपुर नहीं आएगा। इसके बाद वह कार्यक्रम से चली गईं। इस घटना को लेकर आयोजक ने आपत्ति जताई है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी अंजली अरोड़ा को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

आशीष गुप्ता के अनुसार, गाना बंद कराने को लेकर कोई आपत्ति थी तो इसे सामान्य तरीके से भी बताया जा सकता था। उनके मुताबिक, कार्यक्रम के लिए अंजली और उनकी टीम की व्यवस्थाओं पर खर्च किया गया था। मंच पर सम्मानित करने और दर्शकों से बातचीत करने की भी योजना थी, लेकिन आयोजक के दावे के अनुसार, अंजली ने तय कार्यक्रम के मुताबिक समय नहीं दिया।

आयोजक ने बताया कि अंजली को भुगतान किया गया था, हालांकि कुछ धनराशि उनके पास रोकी गई थी। उन्होंने अपनी टीम के साथ स्वरूप नगर थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया और दी गई रकम वापस कराने की मांग की। आयोजक ने आगे कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही है। फिलहाल इस मामले में अंजली अरोड़ा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। बेनाझाबर चौकी प्रभारी ने प्रार्थना पत्र लेकर कहा कि मामले में जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762776 Articles

Share this story