गौ आश्रय केंद्रों में अव्यवस्थाएं, उपाध्यक्ष ने लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
गौ आश्रय केंद्रों में अव्यवस्थाएं, उपाध्यक्ष ने लगाई फटकार


मीरजापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला ने बुधवार को सदस्य दीपक गोयल के साथ मीरजापुर जिले के विकास खंड पहाड़ी क्षेत्र के सिंधोरा व लोकापुर गौ आश्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां मिलने पर अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सिंधोरा गौ आश्रय केंद्र में 496 पशु मिले, जहां साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति खराब पाई गई। इस पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए राजकीय पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुबाष सिंह से जवाब तलब किया। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्हें फटकार लगाई गई। साथ ही जिला पंचायत के इंजीनियर रामजी यादव व केंद्र संचालकों को निर्देश दिया कि नर-मादा पशुओं को अलग रखा जाए और बछड़ों के लिए अलग व्यवस्था की जाए।

इसके बाद टीम लोकापुर अस्थाई गौ आश्रय केंद्र पहुंची, जहां 526 पशु मिले। यहां पशुओं को भूसे के बजाय पुआल खिलाए जाने पर नाराजगी जताते हुए बेहतर पोषण व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साफ-सफाई में भी सुधार के निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर सीवीओ भूपेंद्र पाठक, बीडीओ बबिता सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story