हाथरस में पशुओं की बीमारी पर चेता प्रशासन, मुख्य विकास अधिकारी पहुंचे गांव

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में पशुओं की बीमारी पर चेता प्रशासन, मुख्य विकास अधिकारी पहुंचे गांव


हाथरस, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में कजरौठी क्षेत्र के गांवों में पिछले आठ दिनों से पशुओं में बीमारी फैलने की खबर थी। इसके बाद प्रशासन और पशुपालन विभाग सक्रिय हो गया। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार के साथ गांवों का दौरा किया। उनके साथ पशु चिकित्सकों की टीम भी थी। सीडीओ के पहुंचने की जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने पशुओं की जांच की और टीकाकरण शुरू कराया।

सीडीओ पीएन दीक्षित ने एदलपुर, मीरपुर, बिचपुरी, मौनिया और पोदा गांव का दौरा किया। उन्होंने पशुओं की स्थिति देखी और ग्रामीणों से बीमारी के बारे में जानकारी ली। पशु चिकित्सकों को जरूरी निर्देश भी दिए। जांच के दौरान पशुपालन विभाग की टीम को इन पांचों गांवों में आठ से 10 पशु लंपी बीमारी से पीड़ित मिले। बीमारी की पुष्टि होने के बाद, बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखने और उनका इलाज करने के निर्देश दिए।

पशु चिकित्सकों की टीम ने पांचों गांवों में एक अभियान चलाया। इस दौरान करीब 400 पशुओं का टीकाकरण किया गया। ग्रामीणों को पशुओं की साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें। साथ ही, बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत पशु चिकित्सक को सूचना दें। निरीक्षण के समय मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय यादव और उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तोमर मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि गांवों में पशुओं की लगातार निगरानी की जा रही है। बीमारी को रोकने के लिए टीकाकरण और इलाज का काम जारी रहेगा। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से पशुओं में बीमारी के लक्षण दिख रहे थे। प्रशासनिक अधिकारियों के दौरे और टीकाकरण अभियान शुरू होने से पशुपालकों को राहत मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story