कन्नौज: विकास भवन सभागार में दिव्यांगजनों की समस्याओं का हुआ समाधान
दिव्यांगजन राज्य आयुक्त ने 10 पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए
कन्नौज, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन राज्य आयुक्त डॉ. हिमांशु शेखर झा ने बुधवार को कन्नौज जनपद में विकास भवन के हर्षवर्धन सभागार में दिव्यांजनों की समस्याओं की सुनवाई की। इस जनसुनवाई में कुल 33 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न प्रकार की समस्याएं एवं मांगें शामिल थीं। डॉ. झा ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान योजना से संबंधित 5 प्रकरणों एवं राशन कार्ड से जुड़े 5 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर लाभार्थियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। इस दौरान 10 पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. हिमांशु शेखर झा ने कहा कि शासन दिव्यांगजनों के अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव झा

