दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं के लिए यादगार बना अयोध्या का दीपोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं के लिए यादगार बना अयोध्या का दीपोत्सव


दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं के लिए यादगार बना अयोध्या का दीपोत्सव


-जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों एवं आईटीसी मंगलदीप की अभिनव पहल से दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मिला दीपोत्सव की दिव्यता से जुड़ने का अवसर

अयोध्या, 09 नवंबर (हि.स.)। रामनगरी का दीपोत्सव हर वर्ष अपनी भव्यता, दिव्यता और अलौकिक छटा से नई पहचान स्थापित कर रहा है। दीपों की असंख्य ज्योतियों से जगमगाती रामनगरी में यह आयोजन केवल प्रकाश और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अध्यात्म, संस्कृति, समरसता और संवेदनशीलता का भी प्रतीक बनता जा रहा है। इसी समावेशी भावना के साथ इस वर्ष दीपोत्सव में दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को भी उत्सव की अनुभूतियों से जोड़ने की विशेष पहल की गई, ताकि आंखों से दीपों की रोशनी न देख पाने वाले श्रद्धालु भी रामनगरी की दिव्यता, आध्यात्मिक वातावरण और प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था को पूरे भाव से महसूस कर सकें।

अयोध्या में दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन सहजता से सुलभ कराने की दिशा में आईटीसी मंगलदीप द्वारा ‘हर भक्त श्रीराम तक’ पहल के अंतर्गत श्रीराम मंदिर परिसर में ब्रेल लिपि में ‘राम-राम’ अंकित रेलिंग तथा स्पर्श आधारित मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में सहज आवागमन और दर्शन का अनुभव प्रदान करना है।

श्रीराम मंदिर में दर्शन को सुगम बनाने की इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष दीपोत्सव के अवसर पर भी दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को रामनगरी के इस भव्य आयोजन से जोड़ने का विशेष प्रयास किया गया। जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों एवं आईटीसी मंगलदीप के सहयोग से दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं को दीपोत्सव के आध्यात्मिक वातावरण, उल्लास और दिव्यता को अपनी अनुभूतियों के माध्यम से महसूस करने का अवसर मिला।

दीपोत्सव में पहुंचे दृष्टिबाधित श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें अत्यंत आनंद और आत्मिक संतोष की अनुभूति हुई। एक श्रद्धालु ने भावुक होकर कहा कि यहां मिलने वाली अनुभूति को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से अगले जन्म में आंखें देने की कामना भी व्यक्त की, ताकि वे राममंदिर को अपनी आंखों से देख सकें। वहीं, रामबाबू ने पहली बार अयोध्या पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रभु श्रीराम की कृपा से बार-बार यहां आने की इच्छा जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774615 Articles

Share this story