धान की फसल के डिजिटल सर्वे में सुधार की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
धान की फसल के डिजिटल सर्वे में सुधार की मांग, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


- अनुप्रिया पटेल ने कहा- सामान्य धान सुगंधित श्रेणी में दर्ज होने से अटक रहा किसानों का पंजीकरण

मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। धान खरीद के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण में आ रही परेशानी को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने एग्रीस्टैक के तहत कराए गए डिजिटल सर्वे में दर्ज गलतियों को ठीक कराने की मांग की है। सर्वे में सामान्य धान को सुगंधित धान की श्रेणी में दर्ज किए जाने से किसान एमएसपी पर उपज बेचने के लिए पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि खरीफ की फसलों धान, ज्वार और बाजरा की सरकारी खरीद के लिए किसान खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करा रहे हैं। इस प्रक्रिया में एग्रीस्टैक और डिजिटल सर्वे व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन इसके चलते कई तरह की तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतें सामने आई हैं।

पत्र के अनुसार, सैटेलाइट मैपिंग में कई किसानों के खेतों में सामान्य धान के बजाय अन्य सुगंधित धान दर्ज हो गया है। इसके अलावा भौतिक सत्यापन के दौरान कुछ सर्वेक्षकों ने भी गलती से सामान्य धान की जगह सुगंधित धान का विकल्प चुन लिया है।

इसका असर किसानों के पंजीकरण पर पड़ रहा है। पोर्टल पर सामान्य धान की श्रेणी में आवेदन नहीं हो पाने से छोटे और सीमांत किसानों के सामने अपनी उपज सरकारी क्रय केंद्रों पर एमएसपी के तहत बेचने की समस्या खड़ी हो गई है। अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री से सर्वे की विसंगतियों को दूर कर प्रभावित किसानों का पंजीकरण कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story