डिजिटल युग में तथ्यों की कसौटी पर खरा उतरना ही असली पत्रकारिता : गुणवंत सिंह कोठारी

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल युग में तथ्यों की कसौटी पर खरा उतरना ही असली पत्रकारिता : गुणवंत सिंह कोठारी


कानपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग तथा हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में बृजेंद्र स्वरूप पार्क में चल रहे हिंदू आध्यात्मिक सेवा मेले में गुरुवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय मीडिया कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। डिजिटल युग में मीडिया लेखन विषय पर आधारित इस कार्यशाला के पहले दिन 200 से अधिक युवाओं व विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर कंटेंट राइटिंग की बारीकियां सीखीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी ने प्रतिभागियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति के इस दौर में सूचनाओं का प्रवाह तेज हुआ है, लेकिन समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक और राष्ट्रहित से जुड़ा लेखन करना ही सच्ची पत्रकारिता है।

कार्यशाला में मीडिया लेखन विशेषज्ञों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी लेखन की कला, भाषा की शुद्धता, संपादन और प्रस्तुतीकरण के व्यावहारिक गुर सिखाए। विषय प्रवर्तन करते हुए डॉ. विष्णु शंकर ने कहा कि तकनीक के बदलाव के साथ मीडिया लेखन का स्वरूप बदला है, ऐसे में युवाओं को नई प्रवृत्तियों और चुनौतियों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

मीडिया को जानकारी देते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि इस तरह की कार्यशालाएं नई पीढ़ी के युवाओं को डिजिटल कंटेंट राइटिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के नए अवसर खोलती हैं।

इससे पूर्व स्वागत उद्बोधन प्रो. कौशल त्रिपाठी ने दिया। मंच संचालन डॉ. हरिओम कुमार व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ओमशंकर गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर प्रेम किशोर शुक्ला, राहुल मिश्रा, पंकज श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783884 Articles

Share this story