डीआईजी एस. चन्नप्पा ने देवरिया में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, सदर कोतवाली का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
डीआईजी एस. चन्नप्पा ने देवरिया में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, सदर कोतवाली का किया निरीक्षण


देवरिया, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने शनिवार को देवरिया का दौरा कर श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों के साथ अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सदर कोतवाली का निरीक्षण करने के साथ पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति अभियान और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीआईजी ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। बैठक के बाद डीआईजी ने सदर कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों, कार्यालय व्यवस्था, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए।

इसके उपरांत डीआईजी एस. चन्नप्पा ने पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की। उन्होंने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आम लोगों से संवाद भी किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाजारों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story