षष्ठी पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 50 हजार भक्तों ने टेका मत्था

WhatsApp Channel Join Now
षष्ठी पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 50 हजार भक्तों ने टेका मत्था


मीरजापुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में शुक्रवार को नवरात्र के छठे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर में मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे भक्तों ने जयकारे लगाते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर दिनभर गुलजार रहा।

भक्तों ने मां के चरणों में नारियल, चुनरी, फूल-माला, फल, मिष्ठान और हलवा-पूड़ी अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की। दर्शन के बाद कई श्रद्धालुओं ने मंदिर के पीछे देवी चालीसा का पाठ किया और हवन कुंड में आहुतियां दीं। कुछ भक्तों ने सत्यनारायण कथा का श्रवण भी किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी गई। मंदिर प्रबंधक सुभाष चंद्र शुक्ल, प्रकाश चंद शुक्ला, ज्ञान चंद्र शुक्ल और मंगल धारी मिश्रा व्यवस्थाओं पर निगरानी बनाए रहे। मेला प्रभारी श्यामलाल ने बताया कि शुक्रवार को 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में मत्था टेका।

------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761846 Articles

Share this story