मानव जीवन में सत्संग और भक्ति का विशेष महत्व: पंकज महाराज

WhatsApp Channel Join Now
मानव जीवन में सत्संग और भक्ति का विशेष महत्व: पंकज महाराज


- घनश्यामपुर गांव पहुंचे जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के प्रमुख, शाकाहारी और सदाचारी जीवन अपनाने की अपील

मीरजापुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा की ओर से निकाली गई 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा के साथ संत पंकज जी महाराज के मीरजापुर जिले में कजमालपुर क्षेत्र के घनश्यामपुर (घसरौड़ी) गांव पहुंचने पर अनुयायियों ने स्वागत किया। इस दौरान आयोजित सत्संग में उन्होंने मानव जीवन, सत्संग और भक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला।

गुरुवार काे पंकज जी महाराज ने कहा कि बड़े भाग्य से मनुष्य का शरीर मिलता है और उससे भी बड़ा सौभाग्य सत्संग का मिलना है। सत्संग में किसी व्यक्ति, जाति या धर्म की निंदा और आलोचना नहीं करनी चाहिए। इसका उद्देश्य लोगों में भगवान की भक्ति के प्रति प्रेम और समर्पण पैदा करना है। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन प्रभु प्राप्ति का माध्यम है और इसका मार्ग संत-महात्मा बताते हैं।

उन्होंने बाबा जयगुरुदेव के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंसा और अपराध का रास्ता समाज को मुसीबतों की ओर ले जाता है। लोगों को मानवतावादी बनकर सत्य, दया, करुणा और परोपकार जैसे गुण अपनाने चाहिए।

उन्होंने शाकाहारी और सदाचारी जीवन जीने की अपील की। कहा कि इससे व्यक्ति के साथ समाज का भी कल्याण होगा।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, मनोरमा देवी, प्रिया देवी, चौथी राम यादव, कमलेश, चंद्रमा यादव, अशोक मास्टर, शिवपूजन, भुवनेश्वर और अरविंद ललित पांडेय सहित अन्य अनुयायी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story