मीरजापुर : कोटारनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक लाख से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक
- गड़बड़ा शीतला धाम में 25 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बारिश के बीच भी नहीं डिगी आस्था
मीरजापुर, 03 अगस्त (हि.स.)। सावन के पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद स्थित कोटारनाथ धाम शिवभक्ति के रंग में पूरी तरह रंग गया। सुबह से एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दाैरान लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी और पूरा धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लालगंज के एसडीएम अजीत कुमार ने कोटारनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रवेश द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई, कतार व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी सावन के सोमवार और शिवरात्रि तक श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस, पीएसी, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
मंदिर परिसर में भक्त हाथों में गंगाजल, दूध और बेलपत्र लेकर घंटों कतार में खड़े रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीओ अमर बहादुर सिंह और थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस व पीएसी के साथ मुस्तैद रहे। सोठिया और कोटार मार्ग पर बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोका गया, जिससे श्रद्धालुओं को लगभग एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। बारिश के कारण मंदिर मार्ग पर फिसलन भी बनी रही।
स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन को उमड़ती है आस्था
कोटारनाथ धाम की सबसे बड़ी विशेषता यहां का स्वयंभू शिवलिंग है। मान्यता है कि यह शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ है। इसी वजह से मीरजापुर ही नहीं, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के पुजारी जैराम गिरि, राजाराम गिरि, शिवराम गिरि और कैलाश गिरि दिनभर दर्शन-पूजन की व्यवस्था में लगे रहे।
गड़बड़ा शीतला धाम में भी उमड़ी भीड़
उधर, गड़बड़ा शीतला धाम में भी सावन के पहले सोमवार को करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन-पूजन किए। सुबह से हो रही बारिश के कारण कीचड़ और पार्किंग की समस्या से श्रद्धालुओं को कुछ परेशानी हुई, लेकिन बारिश थमते ही दर्शनार्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने चुनरी, नारियल, हलवा-पूड़ी और प्रसाद चढ़ाकर मां शीतला का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि दिनभर लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

