नवरात्र के चौथे दिन गड़बड़ा धाम में उमड़े 35 हजार श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र के चौथे दिन गड़बड़ा धाम में उमड़े 35 हजार श्रद्धालु


मीरजापुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के चौथे दिन बुधवार को गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना के लिए भोर से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतार लग गई। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा।

दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने सेवटी नदी में स्नान के बाद कतारबद्ध होकर मां शीतला के दरबार में मत्था टेका। भक्तों ने नारियल, चुनरी, फूल-माला, फल, मिष्ठान और हलवा-पूड़ी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के लिए मीरजापुर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी जनपदों और मध्य प्रदेश के रीवा, सीधी, सतना तथा सिंगरौली से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मेला प्रभारी श्यामलाल ने बताया कि बुधवार को करीब 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में मत्था टेका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760701 Articles

Share this story