शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन गड़बड़ा धाम में उमड़े 40 हजार श्रद्धालु
- भोर से लगी रही कतार, जयकारों से गूंजा धाम; सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस
मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हलिया क्षेत्र के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मेला प्रभारी श्यामलाल के मुताबिक, करीब 40 हजार भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई। भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला देर तक चलता रहा।
सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शनार्थियों की कतार लग गई। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने सेवटी नदी में स्नान कर मां शीतला का दर्शन-पूजन किया। नारियल, चुनरी, फूल-माला, फल और मिष्ठान चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मां के जयकारों से पूरा धाम गूंजता रहा।मंदिर परिसर स्थित पवित्र कुंड के जल के प्रति भी श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता के चलते भक्त कुंड का जल अपने साथ घर ले जाते हैं।
भीड़ को देखते हुए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ सुरक्षा और व्यवस्था में जुटे रहे। मंदिर प्रबंधक सुभाष चंद्र शुक्ल, प्रकाश चंद शुक्ला और ज्ञान चंद शुक्ला ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र बनाया गया है। दर्शनार्थियों की मदद के लिए 10 वालंटियर भी लगाए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

