खाना बनाते समय मधुमक्खियों के हमले से आठ श्रद्धालु घायल
मीरजापुर, 01 मई (हि.स.)। विंध्याचल क्षेत्र के अटल चौराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद खाना बना रहे श्रद्धालुओं पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। देखते ही देखते शांत माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
रायबरेली जनपद के पूरे राजा गांव (थाना नसीराबाद) से आए एक परिवार के दर्जनों लोग दर्शन-पूजन के बाद शुक्रवार काे पीपल के पेड़ के नीचे भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान धुएं की वजह से पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते में हलचल हुई और झुंड ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। हमले के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और कई श्रद्धालु पास के घरों में घुसकर किसी तरह सुरक्षित हुए। इस घटना में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत एम्बुलेंस पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विंध्याचल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में आशा यादव (35), बृजेश यादव (26), राम प्यारे यादव (62), जगापला देवी (72), संजू (26), सुनील यादव (25), सुनीता (24) और शिवांग (10) शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. मनोरंजन राय ने बताया कि सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

