दो लाख श्रद्धालुओं ने शीतला धाम में टेका माथा, आस्था का उमड़ा सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
दो लाख श्रद्धालुओं ने शीतला धाम में टेका माथा, आस्था का उमड़ा सैलाब


दो लाख श्रद्धालुओं ने शीतला धाम में टेका माथा, आस्था का उमड़ा सैलाब


मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला धाम में आयोजित दो दिवसीय अठगवां गौड़ेर मेले में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सोमवार को करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर से लेकर चार किलोमीटर दूर तक सड़क और जलमार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

मेले में पहुंचे भगत बांस की बल्ली में फरहरा, हाथों में दीपक लेकर ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते मां के जयघोष करते हुए धाम पहुंचे। मंदिर क्षेत्र झंडों से पट गया और हर ओर भक्ति का माहौल बना रहा।

जलमार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। गंगा में रेत जमा होने से मोटरबोट और नावों को ढाई से तीन किलोमीटर दूर ही रोकना पड़ा। घाट पर जगह कम पड़ने से कई नावों को दूर खड़ा करना पड़ा, जिससे श्रद्धालुओं को पैदल रेत पार कर धाम तक पहुंचना पड़ा।

भोर से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। धक्का-मुक्की के बीच भक्तों ने मां के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था में कोतवाल विजय शंकर सिंह समेत पुलिस बल तैनात रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story