देवकली धाम में 51 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, कालेश्वर मंदिर में हुई आतिशबाजी

WhatsApp Channel Join Now
देवकली धाम में 51 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, कालेश्वर मंदिर में हुई आतिशबाजी


औरैया, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन पर्व पर मंगलवार शाम देवकली धाम में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में 51 हजार दीपक प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा धाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। दीपों की आकर्षक सजावट ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं कालेश्वर मंदिर में भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसने उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर देव दीपावली के उत्सव में सहभागिता की। मंदिर परिसर में दीपों की जगमगाहट और धार्मिक वातावरण के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी दीप जलाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली औरैया तथा यातायात प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

देव दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। पुलिस बल ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांति व्यवस्था सुनिश्चित की।

देवकली धाम में 51 हजार दीपों की रोशनी और कालेश्वर मंदिर में हुई भव्य आतिशबाजी ने कार्तिक पूर्णिमा व देव दीपावली के पर्व को यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782698 Articles

Share this story