जनहित के 35 विकास कार्यों को हरी झंडी, ‘दोहराव नहीं’ पर सख्त मण्डलायुक्त
मीरजापुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। शक्तिनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) बोर्ड की 51वीं बैठक मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल एवं साडा अध्यक्ष राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनकल्याण से जुड़े निर्माण और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी सोनभद्र बी.एन. सिंह शामिल हुए, जबकि साडा की सचिव/मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने पिछली बैठक के निर्णयों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लिए स्वीकृत व प्रस्तावित कार्यों का बिंदुवार विवरण बोर्ड के समक्ष रखा।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट के सापेक्ष 31 दिसंबर 2025 तक की आय-व्यय स्थिति, अधिष्ठान व निर्माण कार्यों पर हुए खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में साडा क्षेत्र में कुल 35 नए कार्य प्रस्तावित हैं, जिनमें संपर्क मार्ग निर्माण, नालों पर पुलिया निर्माण, रिटर्निंग वॉल, सीसी रोड, सड़कों का पुनर्निर्माण और पिकनिक स्पॉट का सुंदरीकरण शामिल है।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य पूर्णतः जनहित में हों और किसी भी पुराने कार्य की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि साडा क्षेत्र में किसी भी निर्माण से पूर्व संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना अनिवार्य होगा, तभी कार्यादेश जारी किया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी/सचिव साडा को निर्देशित किया कि बोर्ड की बैठकें नियमित रूप से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएं, ताकि जनप्रतिनिधियों व सदस्यों के प्रस्तावों की गहन समीक्षा कर उन्हें एस्टीमेट सहित मण्डल स्तरीय बैठक में प्रस्तुत किया जा सके।
बैठक में उप निदेशक अर्थ एवं संख्या, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, राज्य विद्युत उत्पादन निगम, उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रतिनिधि तथा नामित गैर-सरकारी सदस्य धर्मवीर तिवारी व केसी जैन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

