नवरात्र मेला सिर पर, विंध्याचल में विकास कार्य अधूरे

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र मेला सिर पर, विंध्याचल में विकास कार्य अधूरे


- रेलवे स्टेशन से पुरानी वीआईपी गेट तक सड़क चौड़ीकरण के बीच नाली-चैंबर का काम बाकी

- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में

मीरजापुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। विंध्याचल में शारदीय नवरात्र मेला 10 अक्टूबर की आधी रात से शुरू होगा, लेकिन मेला क्षेत्र में कुछ विकास कार्य अब भी अधूरे हैं। रेलवे स्टेशन से पुरानी वीआईपी मार्ग के मुख्य गेट तक करीब 430 मीटर सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। सड़क का निर्माण हो चुका है, लेकिन नाली और नाला चैंबर का काम अधूरा है। ऐसे में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच इन कार्यों को समय से पूरा करना प्रशासन के लिए चुनौती होगा।

उधर, श्रद्धालुओं को धूप और बारिश से बचाने के लिए मंदिर पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर छायादार टेंट लगाए जा रहे हैं। शक्ति पथ यानी पुरानी वीआईपी मार्ग पर 250 मीटर, धर्म पथ यानी नई वीआईपी मार्ग पर 150 मीटर, कचौड़ी गली-पक्का घाट मार्ग पर 150 मीटर और सदर बाजार-पक्का घाट मार्ग पर 450 मीटर लंबा टेंट लगाया जा रहा है। अन्य मार्गों पर भी टेंट लगाने का काम जारी है।

मां विंध्यवासिनी, मां कालीखोह और मां अष्टभुजा देवी मंदिर तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और पैचिंग कराई गई है। प्रशासन का जोर सुगम आवागमन, सुरक्षित दर्शन और भीड़ प्रबंधन पर है। सुरक्षा के मद्देनजर परिक्रमा पथ और मंदिर परिसर में डीएफएमडी मशीनों से जांच के बाद श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। नवरात्र के दौरान चार पहर की आरती के समय को छोड़कर मंदिर के कपाट खुले रहेंगे और श्रद्धालु प्रतिदिन करीब 20 घंटे दर्शन-पूजन कर सकेंगे।

रेलवे स्टेशन से पुरानी वीआईपी मार्ग के मुख्य गेट तक करीब 430 मीटर सड़क चौड़ी की जा रही है। नई सड़क बना दी गई है, लेकिन नाली और नाला चैंबर का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। नवरात्र मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इन अधूरे कार्यों को पूरा करना जरूरी है, ताकि आवागमन में परेशानी न हो।

नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी की चार पहर की आरती के समय मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इस दौरान झांकी दर्शन जारी रहेगा।

मंगला आरती: सुबह 3 से 4 बजे तक

राजश्री आरती: दोपहर 12 से 1 बजे तक

संध्याकालीन आरती: शाम 7 से 8 बजे तक

बड़ी आरती: रात 9:30 से 10:30 बजे तक

चरण स्पर्श पर प्रतिबंध, ड्रेस कोड में रहेंगे पुरोहित

विंध्य पंडा समाज ने नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के चरण स्पर्श पर प्रतिबंध रखने का निर्णय लिया है। यह नियम वीआईपी सहित सभी श्रद्धालुओं पर लागू रहेगा। पुरोहित निर्धारित ड्रेस कोड और पहचान पत्र के साथ दर्शन-पूजन कराएंगे। नियमों का पालन नहीं करने वाले पुरोहितों के खिलाफ समाज आवश्यक कार्रवाई करेगा।

अलग-अलग गेट से होंगे दर्शन

गेट नंबर-2, नई वीआईपी मार्ग: प्रथम प्रवेश द्वार से गर्भगृह दर्शन।

गेट नंबर-4, पक्का घाट: द्वितीय प्रवेश द्वार से गर्भगृह दर्शन।

गेट नंबर-5, जयपुरिया गली: द्वितीय प्रवेश द्वार से गर्भगृह दर्शन।

गेट नंबर-3, सदर बाजार: झांकी दर्शन।

गेट नंबर-1, पुरानी वीआईपी मार्ग: वीआईपी दर्शन के लिए प्रवेश।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story