ड्रमंडगंज घाटी की सड़क डिजाइन पर उठे सवाल, अधिवक्ताओं का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
ड्रमंडगंज घाटी की सड़क डिजाइन पर उठे सवाल, अधिवक्ताओं का प्रदर्शन


मीरजापुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले की राष्ट्रीय राजमार्ग 135 के रीवा मार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर अब सड़क निर्माण की गुणवत्ता और डिजाइन पर सवाल उठने लगे हैं। गुरुवार को लालगंज तहसील मुख्यालय पर अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर घाटी की सड़क को नए सिरे से डिजाइन कराने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घाटी में बने फोरलेन मार्ग के मोड़ और ढलान तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं हैं, जिसके कारण भारी वाहन अक्सर अनियंत्रित होकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। हाल ही में 11 लोगों की मौत वाली घटना ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है।

अधिवक्ताओं ने मांग की कि पूरे मार्ग का उच्च स्तरीय तकनीकी ऑडिट कराया जाए और जहां भी खामियां मिलें, वहां केवल मरम्मत के बजाय पुनः डिजाइन कर निर्माण कराया जाए। उनका आरोप है कि जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी सुधार तक सीमित है, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

तहसील गेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने नारेबाजी कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस मौके पर अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष राजेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story