विकास की जमीनी रफ्तार देखने पहुंचे उपायुक्त, लापरवाही पर चेताया

WhatsApp Channel Join Now
विकास की जमीनी रफ्तार देखने पहुंचे उपायुक्त, लापरवाही पर चेताया


- वीबीजी रामजी योजना के कार्यों का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)।विकासखंड पहाड़ी में शनिवार को वीबीजी रामजी योजना के उपायुक्त मुख्यालय लखनऊ अजीत सिंह ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने टौंगा ग्राम पंचायत में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता परखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए और कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

उपायुक्त ने टौंगा में विंध्य स्मार्ट, खेल मैदान, पंचायत भवन, सीएचसी सेंटर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मौके पर कार्यों की स्थिति देखने के साथ संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वीबीजी रामजी योजना के तहत धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। गांवों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को रोजगार मिल सके और उन्हें काम की तलाश में बाहर न जाना पड़े।

इसके बाद उन्होंने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर वीबीजी रामजी योजना से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया। अभिलेखों में दर्ज प्रगति और मौके पर कार्यों की स्थिति का मिलान करते हुए आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने बीडीओ मुनीष कुमार सिंह को कार्यों की नियमित निगरानी करने और धीमी गति वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पौधरोपण भी किया।

इस दौरान उप श्रमायुक्त श्वेतांक सिंह, बीडीओ मुनीष कुमार सिंह, ग्राम प्रधान ब्यासजी बिंद, सचिव अखिलेश दुबे, तकनीकी सहायक राजकुमार सहित ब्लॉक के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story