उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने परशुराम मंदिर में की पूजा अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने परशुराम मंदिर में की पूजा अर्चना


शाहजहांपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को जनपद शाहजहांपुर के जलालाबाद में स्थित भगवान परशुराम मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और एक जनसभा को भी सम्बोधित किया। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री विकासखण्ड मिर्जापुर क्षेत्र में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में भी शामिल हुए।

रामताल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली अब 'परशुरामपुरी' के नाम से जानी जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को उनके गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के नाम से पहचान मिलना चाहिए। प्रदेश में कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति, सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं में अभूतपूर्व सुधार हुआ है और उत्तर प्रदेश विकास के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। गंगा एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं से जलालाबाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मिर्जापुर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में पहुंच कर बूथ अध्यक्षों तथा पार्टी कार्यकर्ताओ को सम्बोधित किया।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 'जलालाबाद' का नाम बदलकर 'परशुरामपुरी' किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम को उनके गौरव के अनुरूप सम्मान मिलना चाहिए और सरकार का प्रयास है कि परशुरामपुरी को एक भव्य एवं आकर्षक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाए।

जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी कि जलालाबाद का नाम बदलकर परशुरामपुरी किया जाए, जो अब पूर्ण हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में तहसील एवं विधानसभा क्षेत्र का नाम भी परशुरामपुरी किए जाने की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने संकल्पों को लगातार धरातल पर उतार रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

Share this story