देवरिया में रातभर हुई बारिश से तापमान गिरा, उमस से मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में रातभर हुई बारिश से तापमान गिरा, उमस से मिली राहत


देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। देवरिया जिले में रविवार देर रात लगभग छह घंटे तक रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद सोमवार सुबह वातावरण में ठंडक महसूस की गई और लोगों ने राहत की सांस ली।

हालांकि, बारिश ने कुछ स्थानों पर परेशानी भी बढ़ा दी। देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर खुखुंदू के पास जलभराव होने से वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क पर पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और लोगों को सावधानीपूर्वक सफर करना पड़ा।

सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह नौ बजे तक जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। तेज हवा के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। सुबह के समय लोगों ने पार्कों और सड़कों पर टहलने का आनंद लिया। किसानों ने भी बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभदायक बताया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story