किसान और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं प्राविधिक सहायक : सूर्य प्रताप शाही

WhatsApp Channel Join Now
किसान और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं प्राविधिक सहायक : सूर्य प्रताप शाही


किसान और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं प्राविधिक सहायक : सूर्य प्रताप शाही


देवरिया, 26 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सोमवार को कृषि प्रशिक्षण केंद्र, बैतालपुर में नवनियुक्त प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 10 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कर कृषि विभाग की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों और किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राविधिक सहायक किसान और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें कार्यालय तक सीमित न रहकर खेतों में जाकर किसानों की समस्याओं का समाधान कराना चाहिए।

कृषि मंत्री शाही ने प्रशिक्षुओं से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल बीमा और कृषि अनुदान योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने उन्नत बीज, संतुलित उर्वरक प्रयोग, मृदा परीक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति किसानों को जागरूक करने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि रबी सीजन 2026 में करीब 12 लाख कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को 10 लाख मिनी किट वितरित की गई है। कृषि निवेश की ऑनलाइन बुकिंग और ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज जरूरी है। इसके लिए कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों और अनुसंधान संस्थानों में नई तकनीकों पर काम किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में देश आत्मनिर्भर हुआ है लेकिन दलहन और तिलहन के उत्पादन को बढ़ाने की जरूरत है। सरकार मिनी किट के माध्यम से किसानों को निःशुल्क बीज उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 40 जनपदों में लगभग सात लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। गन्ने के साथ इन फसलों की अंतरवर्तीय खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने किसानों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और बाढ़ सिंचाई पद्धति का उपयोग कम करने पर जोर दिया। साथ ही रागी, मड़ुआ, ज्वार, बाजरा, जौ, कंगनी और कुटकी जैसी पोषणयुक्त फसलों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत आधुनिक, टिकाऊ और पोषणयुक्त कृषि पद्धतियों के प्रति किसानों को जागरूक किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story