देवरिया पुलिस : स्वच्छता अभियान चला कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
देवरिया, 03 मई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया की पुलिस ने पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर रविवार को श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अभियान के तहत पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों और पुलिस लाइन में साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिसकर्मियों ने परिसर में जमा गंदगी को हटाया, पेड़-पौधों की देखभाल की और सूखे पत्तों व खर-पतवार की सफाई कर परिसर को व्यवस्थित और आकर्षक बनाया। साथ ही वाहनों को क्रमवार खड़ा किया गया और अभिलेखों व अन्य संसाधनों को व्यवस्थित किया गया। कार्यालय के फर्नीचर और उपकरणों की भी सफाई कर उनके रख-रखाव पर ध्यान दिया गया।
देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन पर पुलिसकर्मियों ने श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाते हुए “स्वच्छता है जीवन का आधार” का संदेश दिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। पुलिस विभाग के इस प्रयास को क्षेत्र में सराहना मिल रही है और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

