आजादी की लड़ाई में देवरिया के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है : सूर्य प्रताप शाही
देवरिया, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवरिया जिले में पुलिस लाइन में आयोजित ध्वजाराेहण कार्यक्रम में याेगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वतंत्रता संग्राम में देवरिया की जनता के योगदान को याद करते हुए कहा कि आजादी आसानी से नहीं मिली है। इसके लिए देशवासियों ने अपना तन, मन और धन न्योछावर किया तथा अंग्रेजों की गोलियां तक खाईं। उनके त्याग और बलिदान का परिणाम है कि आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में देवरिया की धरती और यहां के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जिले के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। अनेक लोगों ने जेल की यातनाएं सहीं और अपने परिवार एवं निजी सुख-सुविधाओं की चिंता किए बिना राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के कारण ही आज देश लोकतांत्रिक व्यवस्था में आगे बढ़ रहा है। हमें आजादी के महत्व को समझते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
देवरिया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ध्वजारोहण के बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उनके बलिदान को याद करते हुए हम सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की प्रगति, विकास और सामाजिक सौहार्द के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का माहौल रहा। अधिकारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने पुलिस लाइन देवरिया में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा देश के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रभक्तों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान से प्राप्त आजादी हम सभी के लिए अमूल्य धरोहर है। राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को निष्ठा, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन के विश्वास को मजबूत करना चाहिए।
इस अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक सुमित कान्त, थाना बरहज को प्रशंसा चिन्ह (रजत) डीजीपी उत्तर प्रदेश प्रदान किया गया। वहीं आरक्षी बृजेश निषाद, पंकज चौधरी, राजकुमार, मुख्य आरक्षी रामसुरेश चौधरी, महिला आरक्षी प्रियंका कुमारी, महिला आरक्षी रेनू यादव तथा होमगार्ड नीरज यादव, शम्भूनाथ यादव, राजेश गिरी, ध्रुवनारायण यादव और रविशंकर मिश्रा को डीजी-112 का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्मिकों के मध्य मिष्ठान का वितरण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर/पुलिस लाइन गौरव सिंह, क्षेत्राधिकारी रंजना सचान, प्रतिसार निरीक्षक रामजनम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरी प्रचारिणी सभा भवन में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। सभा के मंत्री डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित सभा के सदस्यों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और उन्नति के लिए पूरी निष्ठा से योगदान देने की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। राष्ट्र की उन्नति के लिए आपसी सहयोग, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष इन्द्र कुमार दीक्षित, संयुक्त मंत्री अधिवक्ता बृजेश पांडेय, वृद्धिचन्द्र विश्वकर्मा, रवीन्द्र नाथ तिवारी, दिनेश कुमार त्रिपाठी, संजय राव, गोपाल कृष्ण सिंह रामू, कौशल कुमार मिश्र, सरोज कुमार पाण्डेय, ऋषिकेश मिश्र, रवि प्रकाश मिश्र, पुस्तकालयाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्र, हिमांशु कुमार सिंह, रमेश चन्द्र त्रिपाठी, कैशव प्रसाद गुप्त समेत अन्य राष्ट्रप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का वातावरण रहा। उपस्थित सदस्यों ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की प्रगति और समृद्धि की कामना की।
महर्षि देवराहा बाबा स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रजनी पटेल ने की। इसमें संकाय सदस्य, चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी, इंटर्न तथा एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
समारोह की शुरुआत सुबह आठ बजे प्रशासनिक भवन परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति निष्ठा, सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की। तिरंगे के लहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया। इस वर्ष समारोह की विशेषता ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सामूहिक वंदे मातरम् गायन रहा। महाविद्यालय परिवार ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। इसकी गूंज से परिसर में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति का वातावरण और मजबूत हुआ।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्या ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह देश के गौरव, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का पर्व है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्या ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह देश के गौरव, बलिदान और राष्ट्रीय एकता का पर्व है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने का आह्वान किया। इसी क्रम मेंराजकीय इंटर कॉलेज , कालिदास भीखमपुर रोड , सहित विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

