देवरिया : मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं ने एक दिन के लिए संभालीं अधिकारियों की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्राओं ने एक दिन के लिए संभालीं अधिकारियों की जिम्मेदारी


देवरिया, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में गुरुवार काे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रामपुर कारखाना की छात्राओं को एक दिन के लिए विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षिक पदों का दायित्व सौंपा गया। छात्रा अनन्या यादव ने एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वाटिका ने सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, विजय लक्ष्मी ने खंड शिक्षा अधिकारी, करिश्मा ने जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, समग्र शिक्षा, देवरिया का एक दिवसीय पदभार ग्रहण किया।

इसके अतिरिक्त छात्राओं अंजलि, नव्या, लाली, रागिनी, करिश्मा, ब्यूटी आदि ने जनपद के विभिन्न विकासखंडों में एक दिन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी का दायित्व संभाला। छात्राओं ने शिक्षकों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण की दिशा में आवश्यक पहल की।

एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनीं कुमारी अनन्या यादव ने विभागीय कार्यप्रणाली को समझने के उद्देश्य से सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी का दायित्व संभाल रहीं छात्रा वाटिका से समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्राप्त धनराशि एवं उसके सापेक्ष किए गए व्यय, विद्यालयों में एसएमसी खातों की स्थिति, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के मानदेय, उनकी लाभार्थी सूची तथा कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के मानदेय के भुगतान से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को केवल सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करना भी है। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, देवरिया सदर देव मुनि वर्मा उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761595 Articles

Share this story