देवरिया के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में लगाए जाएंगे सोलर पैनल

WhatsApp Channel Join Now

- विद्यालयों में नहीं रहेगी बिजली की समस्या, पठन-पाठन होगा निर्बाध

देवरिया, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर गुरुवार काे मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की प्रधानाचार्यों के साथ ऑनलाइन (जूम) बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि सोलर प्लांट स्थापना के लिए तत्काल प्रस्ताव तैयार कर शासन एवं संबंधित विभाग नेडा को भेजें। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद सभी विद्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे।

बैठक में बताया गया कि सोलर प्लांट लगने से विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति नियमित एवं निर्बाध रहेगी, जिससे छात्राओं के पठन-पाठन सहित अन्य गतिविधियां बिजली की समस्या के कारण प्रभावित नहीं होंगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में सुविधाओं के अभाव से शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में सोलर प्लांट स्थापित कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि प्रस्ताव शीघ्र भेजकर स्वीकृति की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं, ताकि समयबद्ध रूप से सोलर प्लांट स्थापित किए जा सकें।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story