देवरिया : आईजीआरएस प्रकरण का गुणवत्ताहीन निस्तारण, जिलाधिकारी ने बीडीओ लार को दी चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : आईजीआरएस प्रकरण का गुणवत्ताहीन निस्तारण, जिलाधिकारी ने बीडीओ लार को दी चेतावनी


देवरिया, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के गुणवत्ताहीन और तथ्यों के विपरीत निस्तारण किया जा रहा है। इस मामले काे लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार काे खंड विकास अधिकारी लार को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रकरण का वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर तीन दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही दोहराए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मामला बरडीहा परशुराम निवासी शिकायतकर्ता की ओर से चकरोड को काटकर संकरा किए जाने और उसे पुनः बनवाए जाने से संबंधित है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के निस्तारण में खंड विकास अधिकारी ने प्रकरण को सीमांकन कराए जाने के अनुरोध के साथ उप जिलाधिकारी को भेज दिया था। जिलाधिकारी ने शिकायत के निस्तारण की समीक्षा में पाया कि इस प्रकार प्रकरण को आगे भेजना तथ्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि लेखपाल के माध्यम से मौके पर पैमाइश कराकर चकरोड की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा सकती थी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती थी।

इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने बीडीओ लार को नोटिस जारी कर चेतावनी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि चकरोड की मौके पर पैमाइश कराकर उसकी स्थिति स्पष्ट की जाए और नियमानुसार उसे पुनः बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही तीन दिन के भीतर वास्तविक निस्तारण की आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की खानापूर्ति, तथ्यहीन रिपोर्ट अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बच्चा पूरी तरह सुरक्षित जनपद में मेडिकल कॉलेज में जन्मे एक नवजात बच्चे को बेचे जाने संबंधी अफवाह सामने आने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने इसे पूरी तरह भ्रामक और असत्य बताया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संबंधित बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और अपने परिवार के साथ है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story